बालिका बॉक्सिंग में पिथौरागढ़ का जलवा, ओवरऑल चैंपियन बनीं बेटियां
खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया यूथ मुक्केबाजी प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों को दी ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी की सौगात
हरिद्वार। योगस्थली खेल परिसर के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित ‘उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की बेटियों ने अपने मुक्कों का दम दिखाते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता मुक्केबाजों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
ओलंपिक में लहराएगा उत्तराखंड का परचम: रेखा आर्या
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब मुक्केबाजी के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश के मुक्केबाज आने वाले समय में ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी वैश्विक स्पर्धाओं में देश का मान बढ़ाएंगे। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और पदक विजेताओं के लिए ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी की व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है।
पिथौरागढ़ का दबदबा, सभी 13 जिलों ने की शिरकत
प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम पहले स्थान पर रही, जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम उपविजेता (रनर अप) घोषित की गई।
विजेता खिलाड़ियों की सूची:
- 45-48 किग्रा वर्ग: जया (गोल्ड), सविता (सिल्वर), नेहा व गुंजन (ब्रोंज)।
- 48-51 किग्रा वर्ग: कोमल लोहिया (गोल्ड), कृष्णा (सिल्वर), ऋतु व वैष्णवी (ब्रॉन्ज)।
- 51-54 किग्रा वर्ग: चांदनी (गोल्ड), कविता (सिल्वर), अनुष्का व अलीशा (ब्रॉन्ज)।
- 54-57 किग्रा वर्ग: बबीता (गोल्ड), सलोनी (सिल्वर), अंशिका व रिया (ब्रॉन्ज)।
इस गरिमामयी अवसर पर गोपाल खोलिया, निर्माण मुखर्जी, देवेंद्र चंद्र भट्ट, नवीन टम्टा, विशाल गर्ग, नवीन चौहान, विपिन चौधरी और सुधीर जोशी समेत खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

