बेंगलुरु की शिक्षिका एवं लेखिका दीपाली पंत तिवारी ‘दिशा’ नेशनल टीचर्स प्राइड अवॉर्ड से सम्मानित
हैदराबाद। बेंगलुरु से ताल्लुक रखने वाली जानी-मानी शिक्षाविद् और साहित्यकार दीपाली पंत तिवारी ‘दिशा’ को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘नेशनल टीचर्स प्राइड अवॉर्ड 2026’ प्रदान किया गया है। 1 नवंबर 2026 को हैदराबाद में डॉ. राधाकृष्णन टीचर्स सेल्फ हेल्प ग्रुप की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान, प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।

देशभर के शिक्षकों से प्राप्त अनगिनत प्रविष्टियों के बीच कड़ी चयन प्रक्रिया के तहत उनकी शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, उपलब्धियों और साहित्यिक योगदान का बारीकी से आकलन किया गया, जिसके आधार पर उनका चयन किया गया।
पिछले 15 वर्षों से शिक्षण जगत में सक्रिय श्रीमती दीपाली इस समय बेंगलुरु के नेशनल पब्लिक स्कूल में कक्षा 4 से 7 तक हिंदी विषय की इंचार्ज और हिंदी-संस्कृत अध्यापिका के पद पर सेवाएं दे रही हैं। शिक्षण के साथ-साथ उनका जुड़ाव हिंदी भाषा, बाल साहित्य और रचनात्मक लेखन से भी है। उनकी प्रमुख कृतियों में पुस्तक ‘उस पार से आती आवाज़’ और बाल कविता संग्रह ‘चाँद का सपना’ शामिल हैं। वे लगातार विद्यार्थियों में साहित्यिक रुचि जगाने और शिक्षा को रचनात्मक व संस्कारों से जोड़ने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं।

इस प्रतिष्ठित उपलब्धि पर उन्होंने अपने इस सफर को खास बनाने के लिए अपने विद्यार्थियों, सहकर्मियों, परिवारजनों और सभी शुभचिंतकों के प्रति दिल से आभार जताया है।

