देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: पीएम मोदी आज करेंगे महा-लोकार्पण, जसवंत ग्राउंड में तैयारियों का हुआ अंतिम निरीक्षण
देहरादून। राजधानी देहरादून को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित ‘देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे’ के भव्य उद्घाटन की घड़ी नजदीक आ गई है। आज मंगलवार, 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक परियोजना का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कल सोमवार, 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड का दौरा कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य प्रोटोकॉल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शासन और प्रशासन स्तर पर इस मेगा इवेंट को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां जारी हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि आगमन राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड की प्रगति में ‘गेम चेंजर’ साबित होगा। इससे न केवल दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के क्षेत्रों में अभूतपूर्व क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।
मंत्री ने आगे कहा कि कनेक्टिविटी मजबूत होने से राज्य की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह को भव्य और निर्बाध बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरा उत्तराखंड और विशेषकर देहरादूनवासी अत्यंत उत्साहित हैं।

