योगी आदित्यनाथ की माता का एकादशी के पावन दिन देहावसान आध्यात्मिक दृष्टि से मोक्ष का प्रतीक: आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ‘दैवज्ञ’
देहरादून/हरिद्वार/ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर उत्तराखंड के ज्योतिष रत्न आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ‘दैवज्ञ’ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को आध्यात्मिक और शास्त्रीय दृष्टिकोण से विशेष महत्व का बताते हुए कहा कि यह केवल देहावसान नहीं, बल्कि मोक्ष की दृष्टि से एक अत्यंत पुण्यकारी अवसर है।
अपने शोक संदेश में डॉ. दैवज्ञ ने मृत्यु के समय की तिथि और धार्मिक महत्व की व्याख्या करते हुए बताया कि शुक्रवार को सूर्योदय के बाद दशमी तिथि केवल 29 मिनट तक रही। इसके पश्चात पूरे दिन और रात्रि में एकादशी तिथि विद्यमान थी। इस कारण उस दिन देवोत्थान एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व था। गृहस्थ धर्म का पालन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए इसी दिन व्रत, तुलसी विवाह सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित थे।
श्रीमद्भागवत एवं ज्योतिष शास्त्र के मर्मज्ञ तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि सनातन धर्म के शास्त्रों में एकादशी तिथि पर देह त्याग को विशेष आध्यात्मिक महत्व प्रदान किया गया है। विशेषकर गृहस्थ जीवन से जुड़े व्यक्ति के लिए ऐसे पावन अवसर पर मृत्यु होना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।
उन्होंने कहा कि मृत्यु जीवन का शाश्वत सत्य है और प्रत्येक व्यक्ति को एक दिन इस संसार से विदा होना है, लेकिन देवोत्थान एकादशी जैसे पुण्य अवसर पर देह त्याग होना आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके परिवार, उत्तराखंड सहित समूचे देश के लिए ईश्वरीय आशीर्वाद के रूप में देखने की बात कही। साथ ही संकेत दिया कि इस दुर्लभ संयोग की विस्तृत शास्त्रीय एवं ज्योतिषीय व्याख्या वह उचित समय आने पर करेंगे।
योगी आदित्यनाथ और आचार्य दैवज्ञ का पुराना संबंध
इस प्रसंग का एक उल्लेखनीय पहलू यह भी है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल का परिचय करीब तीन दशक पुराना है। 1990 के दशक में दोनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ता के रूप में विश्वविद्यालय स्तर की छात्र राजनीति और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में साथ काम कर चुके हैं।
आज जहां योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीति के शीर्ष नेतृत्व में शामिल हैं, वहीं आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल धर्म, श्रीमद्भागवत और ज्योतिष के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखते हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
आचार्य दैवज्ञ ने इस दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

