अल्मोड़ा जिला अस्पताल के आयुष विंग में फार्मेसी अधिकारी की तैनाती, अब सप्ताह में छह दिन मिलेगा दवा वितरण का लाभ
अल्मोड़ा। पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या 9 में संचालित आयुष विंग में लंबे समय से मुख्य फार्मेसी अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण दवा वितरण की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसके चलते आयुर्वेदिक उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दवाएं प्राप्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
अब इस समस्या के समाधान की दिशा में विभाग ने कदम उठाते हुए फार्मेसी अधिकारी मदन प्रकाश की तैनाती यहां कर दी है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अल्मोड़ा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मदन प्रकाश, जो वर्तमान में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगरखान में कार्यरत हैं, अब सोमवार से शनिवार तक सप्ताह में छह दिन जिला चिकित्सालय के आयुष विंग में अपनी सेवाएं देंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
इससे पहले उन्हें सप्ताह में केवल तीन दिन के लिए यहां सेवाएं देने के निर्देश थे, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए उनकी ड्यूटी बढ़ाकर छह दिन कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इस समस्या के समाधान के लिए सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामला उठाया और देहरादून स्थित विभागीय अधिकारियों से भी संपर्क बनाए रखा। इसके अलावा सूचना का अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस व्यवस्था से आयुष विंग में आने वाले मरीजों को आयुर्वेदिक दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी और अस्पताल की सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुचारु रूप से संचालित होंगी।

