चमोली में बादल फटने से तबाही, सगवाड़ा क्षेत्र में मकान मलबे में तब्दील
चमोली। जिले के सगवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार, 3 सितंबर को बादल फटने से भारी तबाही मच गई। अचानक हुई मूसलधार बारिश से कई घर मलबे में बदल गए। आसपास का इलाका पूरी तरह पानी और मलबे से भर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि लोग समय रहते सुरक्षित जगहों पर पहुंच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते भारी बारिश शुरू हो गई। पानी के साथ आया मलबा घरों और खेतों में घुस गया। कई लोग जैसे-तैसे जान बचाकर निकले।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है और प्रभावित इलाके में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिससे जमीन कमजोर हो गई थी और बादल फटने से हालात और बिगड़ गए।

