लुधियाना : 45 लाख की सड़क में खामियां उजागर, ठेकेदार को नोटिस – सड़क दोबारा बनेगी
लुधियाना। नगर निगम लुधियाना द्वारा लगभग 45 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही आर.सी.सी. सड़क में गंभीर खामियां सामने आने के बाद विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने कड़ा रुख अपनाया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क निर्माण हाल ही में हुई बारिश के दौरान शुरू किया गया, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई। इसके अलावा निर्माण कार्य किसी जिम्मेदार अधिकारी की देखरेख में भी नहीं कराया गया।
विधायक छीना ने मौके पर ही आदेश जारी करते हुए सड़क को तोड़कर दोबारा बनाने को कहा और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया। उन्होंने साफ कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से किए जा रहे विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“मैं अपने क्षेत्र में जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद नहीं होने दूंगी। सभी विकास परियोजनाओं पर मेरी सीधी नजर है। अगर कोई ठेकेदार नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी – विधायक छीना”
नगर निगम (बी एंड आर) के एग्जीक्यूशन अधिकारी राकेश सिंगला की मौजूदगी में हुए इस निरीक्षण के बाद तय हुआ कि सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा मिल सके।

