मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट, विधायकों की दिल्ली दौड़ तेज
देहरादून, 26 अगस्त। उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किए जाने की अटकलों के बीच बीजेपी विधायकों की हलचल बढ़ गई है। इसी क्रम में विधायक उमेश शर्मा काउ और पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
पार्टी स्तर पर इन मुलाकातों को सिर्फ “शिष्टाचार भेंट” बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारों का कहना है कि जब मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा हो और उसी दौरान विधायक दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलें, तो इसे राजनीति से जोड़कर देखा जाना स्वाभाविक है।
गदरपुर के विधायक एवं पूर्व शिक्षा एवं खेल मंत्री अरविंद पांडे भी सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित भाई शाह से मिले थे। हालांकि विधायक पांडे ने कहा कि उनका मुलाकात को उद्देश्य क्षेत्र के कुछ मुद्दों को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष उठाना था, लेकिन पांडे की शाह से मुलाकात के बाद सियासी कयासों का दौर गर्मा गया है।

क्षेत्रीय और जातीय संतुलन पर मंथन
काफी समय से उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट विस्तार टल रहा है। अब संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नए चेहरों को शामिल करने पर विचार चल रहा है। सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने के लिए कुछ विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
आगे क्या?
अभी अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को करना है। लेकिन विधायकों की बढ़ती दिल्ली दौड़ यह संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

