उत्तराखंड: सहकारिता को गति देने दिल्ली पहुँचे डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से की अहम मुलाकात
नई दिल्ली/देहरादून, 12 सितंबर 2026। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक के दौरान राज्य में सहकारिता आंदोलन को नया आयाम देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मीडिया से बातचीत में डॉ. रावत ने बताया कि मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं की आर्थिक उन्नति के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी गई। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे नए प्रयोगों के साथ-साथ जिला सहकारी बैंक चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत और महिलाओं के लिए लागू 33 प्रतिशत आरक्षण के सफल क्रियान्वयन का ब्योरा भी साझा किया।

इसके अलावा, डॉ. रावत ने राज्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं—दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन—की अद्यतन प्रगति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन पहलों से किसानों की आय में वृद्धि, पशुपालन आधारित आजीविका के विस्तार और पोषण सुरक्षा को बल मिल रहा है। साथ ही, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत जिलों में सहकारी बैंकों के सुचारू संचालन एवं ढांचागत विकास पर भी चर्चा हुई।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य में सहकारिता के विस्तार, अभिनव प्रयासों और हालिया चुनाव में मिली सफलता पर डॉ. धन सिंह रावत के कुशल नेतृत्व एवं समर्पण की सराहना की।

