ब्रेकिंग न्यूज – शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का बड़ा फैसला: लोकतांत्रिक होगा शिक्षक संघ का ढांचा, दो दिन की विशेष लीव को मंजूरी
उत्तराखंड के शिक्षकों के लिए खुशखबरी: अब संघ चुनाव में होगा सीधा मतदान, साल में मिलेगा ‘होम टाउन’ यात्रा अवकाश
देहरादून, 26 मार्च 2026। उत्तराखंड के राजकीय शिक्षकों के लिए आज का दिन दोहरी सौगात लेकर आया है। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांगों पर मुहर लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया में बदलाव और विशेष यात्रा अवकाश की घोषणा की है। अब राजकीय शिक्षक संघ के चुनावों में प्रदेश का प्रत्येक शिक्षक सीधे तौर पर मतदान कर अपना प्रतिनिधि चुन सकेगा।
चुनावों में खत्म होगी पुरानी व्यवस्था, बढ़ेगी पारदर्शिता
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षक संघ के चुनावों को पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी बनाने के लिए ‘प्रत्यक्ष मतदान’ प्रणाली लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिक्षक वर्ग लंबे समय से शत-प्रतिशत भागीदारी की मांग कर रहा था। इस नई व्यवस्था से न केवल संगठन का ढांचा मजबूत होगा, बल्कि धरातल पर काम करने वाले हर शिक्षक की आवाज को सीधा प्रतिनिधित्व मिलेगा।
पहाड़ से मैदान तक तैनात शिक्षकों को बड़ी राहत
शिक्षकों की दूसरी सबसे बड़ी समस्या उनके गृह जनपद से दूरी थी। कई शिक्षक गढ़वाल से कुमाऊं और कुमाऊं से गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात हैं, जिन्हें घर जाने में काफी समय और निजी छुट्टियों का नुकसान उठाना पड़ता था। इसे देखते हुए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है:
- दो दिन का विशेष यात्रा अवकाश: अब हर शिक्षक को साल में एक बार अपने गृह जनपद जाने के लिए दो दिन का विशेष उपार्जित (Earned Leave) अवकाश मिलेगा।
- वित्त विभाग की हरी झंडी: वित्त एवं कार्मिक विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस पर सहमति बन गई है और जल्द ही इसका शासनादेश (GO) जारी कर दिया जाएगा।
मंत्री के निर्देश: जल्द लागू हों फैसले
शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन दोनों निर्णयों को अविलंब प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वे शिक्षण कार्य पर बेहतर ध्यान केंद्रित कर सकें।

