हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज: अब डॉ. पंकज सिंह के हाथों में कमान, मरीजों और छात्रों के लिए बड़ा ऐलान!
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के सेवानिवृत्त होने के बाद अस्थिरोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पंकज सिंह को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोमवार को डॉ. अरुण जोशी ने औपचारिक रूप से डॉ. पंकज सिंह को कार्यभार सौंपा। पदभार ग्रहण करते हुए डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं देना होगी। उन्होंने आपातकालीन विभाग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
डॉ. सिंह ने बताया कि कॉलेज में नेफ्रोलॉजिस्ट, न्यूरो फिजिशियन और प्लास्टिक सर्जन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, एमबीबीएस और एमडी छात्रों को उच्चस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी काम होगा।
उन्होंने कहा कि दूर-दराज़ पहाड़ी और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को महानगरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना उनकी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

