उत्तराखंड के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की बढ़ी भागीदारी: छात्र संघ चुनावों में मिलेगा 50 प्रतिशत आरक्षण, तिथियां जल्द होंगी घोषित
देहरादून, 12 सितंबर 2026। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर इसका प्रस्ताव शासन को भेजने के कड़े निर्देश दिए हैं।
वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में मंत्री डॉ. रावत ने आरक्षण व्यवस्था लागू करने में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिया कि छात्र संघ और छात्र परिषदों के मौजूदा ढांचे में तत्काल संशोधन कर छात्राओं की 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाए और तय प्रक्रिया के तहत चुनाव की तिथियां शीघ्र घोषित की जाएं।
डॉ. रावत ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में 65 प्रतिशत से अधिक छात्राएं नामांकित हैं। ऐसे में छात्र मंचों पर उनकी आधी भागीदारी न केवल उनकी समस्याओं के समाधान में सहायक होगी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करेगी।
शिक्षण संस्थानों में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
बैठक के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सभी सरकारी एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्देश दिया। इस अभियान में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर भाषण, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही, एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स-रेंजर्स के माध्यम से स्वच्छता, पौधारोपण तथा युवा संवाद जैसे प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

