बड़ी खबर: पहाड़ी जनपदों को मिली संजीवनी, उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में 30 नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती
देहरादून (अमर उजियारा ब्यूरो)। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सूबे के सरकारी अस्पतालों को 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक मिल गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इन डॉक्टरों के तैनाती प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। पीजी कोर्स पूरा करने के बाद राज्य सेवा में लौटे इन विशेषज्ञों की ज्वाइनिंग से न केवल आम जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि आगामी चार धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं सुलभ होंगी।
इलाज में आसानी: एक यूनिट के रूप में हुई तैनाती
सरकार की मंशा मरीजों को एक ही छत के नीचे मुकम्मल इलाज मुहैया कराने की है। इसी रणनीति के तहत, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत के निर्देश पर इन विशेषज्ञों को व्यक्तिगत तैनाती के बजाय आपसी समन्वय के लिए एक यूनिट के रूप में विभिन्न जनपदों में भेजा गया है।
बागेश्वर: यहाँ ENT (नाक-कान-गला), स्त्री रोग (Obs & Gynae) और निश्चेतक (Anaesthesiology) के विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं।
पौड़ी: इस जनपद को सबसे अधिक सौगात मिली है। यहाँ जनरल सर्जरी, मेडिसिन, आर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग और निश्चेतक के विशेषज्ञों की तैनाती हुई है।
पिथौरागढ़ व रूद्रप्रयाग: पिथौरागढ़ में स्त्री रोग, पैथोलॉजी और फॉरेंसिक मेडिसिन के विशेषज्ञ भेजे गए हैं, जबकि रूद्रप्रयाग में पीडियाट्रिक्स (बाल रोग), जनरल मेडिसिन और एनेस्थीसियोलॉजी की यूनिट तैनात की गई है।
हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली व देहरादून: इन मैदानी और अन्य पर्वतीय जनपदों में भी कम्युनिटी मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ENT, ऑप्थल्मोलॉजी (नेत्र रोग) और माइक्रोबायोलॉजी सहित विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञों को तैनाती दी गई है।
“प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निरंतर तैनाती की जा रही है। 30 और नए विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने से उत्तराखंड की चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आम जनमानस को मिलेगा।” – डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड
आपके जनपद के इन अस्पतालों में पहुँच रहे हैं विशेषज्ञ डॉक्टर
स्वास्थ्य विभाग ने पीजी कोर्स पूरा कर लौटे विशेषज्ञों को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप इन स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया है:
- बागेश्वर: डॉ. मुकेश वर्मा (जिला चिकित्सालय), डॉ. सोनम सिंह (CH Garur), डॉ. शिप्रा चन्द्रा (CMO अधीन)।
- पौड़ी: डॉ. दीपिका, डॉ. आशीष सांगवान व डॉ. मोनिका नौटियाल (CH बीरोंखाल), डॉ. दीक्षा बिष्ट व डॉ. गरिमा (उप जिला चिकित्सालय थलीसैण), डॉ. शिल्पी व डा. प्रीति गौड़ (CH पाबौं), डॉ. संजय डालाकोटी (उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार)।
- पिथौरागढ़: डॉ. रूचिका कविदयाल, डॉ. कमल किशोर, डॉ. निवेदिता सजवाण व डॉ. मणि भूषण पंत (जिला चिकित्सालय)।
- रूद्रप्रयाग: डॉ. हेमा असवाल, डॉ. गिरीश सिंह रावत व डॉ. किरण रावत (CH अगस्तमुनि)।
- हरिद्वार व देहरादून: डॉ. भारती बलूनी (जिला चिकित्सालय हरिद्वार), डॉ. पल्लवी वर्मा व डॉ. गार्गी त्यागी (उप जिला चिकित्सालय रूड़की), डॉ. शैफाली देउपा (उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश), डॉ. अंजली पंवार (उप जिला चिकित्सालय विकासनगर), डॉ. नितिन मलिक (जिला चिकित्सालय कोरोनेशन देहरादून)।
- उत्तरकाशी व चमोली: डॉ. सीमा शर्मा (जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी), डॉ. आजम अकील (CH बड़कोट), डॉ. गौरव कुमार (CH चिन्यालीसौड़), डॉ. लोकेश कुमार (CMO अधीन), डॉ. श्रेय कुमार (जिला चिकित्सालय चमोली), डॉ. अमन सैफी (उप जिला चिकित्सालय गैरसैंण)।

