“नारी तू नारायणी”: मुख्यमंत्री धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित, संघर्ष और सेवा की कहानियां बनीं प्रेरणा

देहरादून, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य सेवक सदन में “नारी तू नारायणी, कहानी उनकी प्रेरणा सबकी” थीम पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने अपने परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा से हर क्षेत्र में समाज को नई दिशा दी है। वरिष्ठ महिलाओं का यह सम्मान उनके संघर्षपूर्ण जीवन, अनुभव और समाज सेवा के प्रति समर्पण का आदर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं चला रही है और मातृशक्ति के सहयोग से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सम्मानित की गई सभी महिलाएं 60 वर्ष से अधिक आयु की हैं, लेकिन उन्होंने उम्र को कभी अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने समाज सेवा को अपना उद्देश्य बनाकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने का काम किया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ महिलाओं से संवाद का अवसर भी मिला। उनके जीवन के संघर्ष, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ने यह साबित किया कि प्रदेश की मातृशक्ति ने जमीनी स्तर पर न केवल खुद को सशक्त बनाया है, बल्कि समाज में भी सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल पेश की है।

इस अवसर पर विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।