समर्थ घिल्डियाल बने देहरादून के सर्वश्रेष्ठ छात्रों में से एक

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 के छात्र समर्थ घिल्डियाल को देहरादून के सर्वश्रेष्ठ छात्र 2025 के सम्मान से नवाजा गया है।

यह सम्मान भारत विकास परिषद द्वारा सुभाष नगर, क्लेमेंट टाउन में आयोजित “गुरु वंदन, छात्र प्रतिभा अभिनंदन” कार्यक्रम में दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (FRI) देहरादून के पूर्व महानिदेशक एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अश्विनी कुमार शर्मा ने समर्थ को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि गणित जैसे कठिन विषय में 100 प्रतिशत अंक लाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही उम्मीद जताई कि समर्थ आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देहरादून और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

भारत विकास परिषद के सचिव आर.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि इस सम्मान के लिए केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्टता को आधार बनाया गया। चुने गए छात्रों को सम्मान के साथ उत्साहवर्धन हेतु आकर्षक उपहार भी दिए गए।

सम्मान प्राप्त करने के बाद समर्थ घिल्डियाल ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी, प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल, सीनियर एकेडमिक हेड एस.एस. नेगी और सभी शिक्षकों को दिया।

कार्यक्रम में समर्थ के पिता, सहायक निदेशक डॉ. सी.पी. घिल्डियाल, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल की माता श्रीमती रजनी थपलियाल, डी.के. शर्मा, कर्नल आर.एस. बिष्ट, जे.के. मैदोला, अभय उनियाल, श्रीमती पवन शर्मा, अनीता कपूर, अंजना महेश्वरी, संध्या वत्स, भैरवी सिंह, महक शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।