“गरीब की मां का अपमान देश की हर मां का अपमान है” – बिहार से कांग्रेस-आरजेडी पर बरसे पीएम मोदी
पटना, 2 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में महिलाओं को जीविका निधि साख सरकारी संघ की सौगात देते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं ने मंच से उनकी दिवंगत मां को गालियां दिलवाईं, जो न सिर्फ उनकी मां का, बल्कि पूरे देश की माताओं-बहनों का अपमान है।
पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा – “मां ही तो संसार है, मां ही स्वाभिमान है। मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उन्हें गालियां दी गईं। मां का अपमान हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरी पीड़ा हुई है और जितना दर्द उनके दिल में है, उतनी ही तकलीफ बिहार की जनता को भी है। उन्होंने कहा – “मैंने अपना जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। मेरी मां ने मुझे आशीर्वाद देकर राजनीति के रास्ते पर भेजा था। आज जब वह इस दुनिया में नहीं हैं, तब भी कांग्रेस-आरजेडी के लोग उनकी बेइज्जती कर रहे हैं। यह बहुत दुखद है।”
मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये दल गरीब और पिछड़े वर्ग के उत्थान को कभी स्वीकार नहीं कर पाते। उन्होंने कहा – “देश की जनता ने एक गरीब मां के बेटे को आशीर्वाद देकर प्रधानमंत्री बनाया। यही बात नामदारों को हजम नहीं हो रही। वे हमेशा कामदारों को नीचा दिखाने और गालियां देने की राजनीति करते हैं।”

