उत्तराखंड को नई रेल सुविधा, 22 ट्रेनों का प्रस्ताव – वंदे भारत भी शामिल
देहरादून। उत्तराखंड के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने 11 जोड़ी यानी 22 नई ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा है। इनमें सबसे खास काठगोदाम-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस और इज्जतनगर-चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इज्जतनगर-चंडीगढ़ वंदे भारत की तैयारियाँ लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसके लिए रूट और टाइम-टेबल भी तय कर लिया गया है।
इसके अलावा इज्जतनगर से माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस भी चलाई जाएगी। वहीं यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लालकुआं-बांद्रा एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर प्रतिदिन चलाने की योजना है, जिसे दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है।
नई ट्रेनों के संचालन से उत्तराखंड को दिल्ली, चंडीगढ़, द्वारका, कामाख्या, माता वैष्णो देवी कटड़ा और दक्षिण भारत के यशवंतपुर तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को यात्रा में काफी सुविधा होगी।

