ऐतिहासिक जीत के बाद देहरादून के नवनिर्वाचित मेयर सौरभ थपलियाल आज लेंगे शपथ

देहरादून (विश्वजीत सिंह)। आज देहरादून नगर निगम में नवनिर्वाचित मेयर सौरभ थपलियाल और सभी पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। नगर निगम में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस बार के नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। मेयर पद के प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की है। नगर निगम बोर्ड में भाजपा के 65, कांग्रेस के 22 और 13 निर्दलीय पार्षद शामिल हैं।

शपथ ग्रहण के साथ शुरू होगा कार्यकाल

आज 7 फरवरी को होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही देहरादून नगर निगम के 20वें बोर्ड का कार्यकाल भी शुरू हो जाएगा। सौरभ थपलियाल इस नगर निगम के 20वें मेयर होंगे। शपथ ग्रहण के बाद बोर्ड की पहली बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

नगर निगम में तैयारियां पूरी

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर नगर निगम परिसर को सुव्यवस्थित किया गया है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है और पेड़ों की लापिंग-छांटिंग कर परिसर को सजाया गया है। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।

जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य देहरादून की जनसमस्याओं को जल्द से जल्द दूर करना होगा। उन्होंने कहा, “चाहे वह सफाई व्यवस्था हो, सड़क सुधार हो या अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां, मैं प्राथमिकता के आधार पर इन सभी समस्याओं का समाधान करूंगा।”

शहर की जनता को अब अपने नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों से विकास कार्यों की उम्मीदें हैं। देखने वाली बात होगी कि आगामी पांच वर्षों में नगर निगम देहरादून में क्या सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं।