साइकिलिंग में ओलंपिक पदक को लक्ष्य बनाएं खिलाड़ी : रेखा आर्या

  • रुद्रपुर में नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के खिलाड़ियों का खेल मंत्री ने बढ़ाया उत्साह
  • देशभर से 600 से अधिक साइकिलिस्ट प्रतियोगिता में ले रहे हैं भाग

रुद्रपुर, 22 दिसंबर। रुद्रपुर स्थित शिवालिक वेलोड्रोम में आयोजित 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर एवं 40वीं सब जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 600 से अधिक साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि साइकिलिंग वेलोड्रोम के निर्माण के बाद उत्तराखंड के लिए साइकिलिंग की नर्सरी के रूप में उभरने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान प्रदेश में विकसित किया गया खेल अवसंरचना ढांचा अत्यंत मजबूत है, जिसमें साइकिलिंग वेलोड्रोम की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

 

खेल मंत्री ने कहा कि सामान्यतः राष्ट्रीय खेलों में अधिकांश राज्यों को साइकिलिंग प्रतियोगिताएं अन्य प्रदेशों में आयोजित करनी पड़ती हैं, क्योंकि देश में यह सुविधा केवल चुनिंदा राज्यों में ही उपलब्ध है। ऐसे में उत्तराखंड को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि यहां विश्वस्तरीय वेलोड्रोम की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य बड़ा रखें, ताकि वे वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

इस मौके पर साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ओंकार सिंह, सचिव मनिंदर पाल सिंह, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, सचिव देवेश पांडे, जिला अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा, विजय पाठक सहित कई पदाधिकारी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।