उत्तराखंड में शिक्षा की नई पहल: राज्यपाल करेंगे ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का शुभारंभ

देहरादून, 20 सितम्बर। उत्तराखंड में शिक्षा सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक नई पहल होने जा रही है। विद्यालयी शिक्षा विभाग आगामी 23 सितम्बर से ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रहा है। इस अभिनव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देहरादून में स्थापित केन्द्रीय वर्चुअल स्टूडियो से करेंगे।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पे चर्चा’ की तर्ज पर शुरू किए जा रहे इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेशभर के 1300 विद्यालयों में किया जाएगा। इसमें 500 वर्चुअल क्लास और 800 हाइब्रिड मोड के स्कूल शामिल होंगे।

प्रेरक हस्तियों से सीधा संवाद

‘शिक्षा की बात’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां—साहित्यकार, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, रंगकर्मी, पर्यावरणविद, संस्कृति संवाहक, वैज्ञानिक, सैन्य अधिकारी और व्यवसायी—छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। वे अपने अनुभव साझा करेंगे और विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देंगे। डॉ. रावत ने कहा कि यह प्रयास छात्रों की जिज्ञासाओं और सीखने की प्रक्रिया को नई दिशा देगा।

प्रदेशभर के छात्रों तक पहुँचेगा लाभ

शिक्षा मंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी की रवांई संस्कृति से लेकर सीमांत जनपदों—पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी—के जनजातीय समुदायों तक, और हरिद्वार-देहरादून जैसे सुविधा-संपन्न क्षेत्रों तक, इस कार्यक्रम का लाभ सभी वर्गों और पृष्ठभूमियों के छात्रों को मिलेगा।

उन्होंने कहा—

‘शिक्षा की बात’ विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं, करियर की समझ और समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास है।

इस पहल से उम्मीद है कि उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं को न केवल पढ़ाई में बल्कि जीवन की विभिन्न चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी विकसित होगी।