पीआरडी स्वयंसेवकों को अब 12 दिन का वेतन सहित अवकाश मिलेगा

देहरादून। प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात दी है। अब उन्हें साल में 12 दिन का मानदेय (वेतन) सहित अवकाश मिल सकेगा। इसके लिए मंगलवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं।

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि चारधाम यात्रा और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में पीआरडी जवानों की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

नए नियम के अनुसार, जो स्वयंसेवक लगातार 365 दिन ड्यूटी करते हैं और कार्ययोजित रहते हैं, उन्हें हर 30 दिन की ड्यूटी पर 1 दिन का आकस्मिक अवकाश (सीएल) वेतन सहित मिलेगा। इस अवकाश की स्वीकृति संबंधित कार्यालय या संस्थान का सक्षम अधिकारी देगा।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनवरी से जून तक अधिकतम 6 दिन और जुलाई से दिसंबर तक अधिकतम 6 दिन अवकाश मिल पाएगा। अगर किसी अवधि में छुट्टियाँ बचती हैं, तो उन्हें अगले हिस्से में नहीं जोड़ा जाएगा।