उत्तराखंड: स्यानाचट्टी झील पर बढ़ा खतरा, CM ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बारिश से नदियों और झीलों का जलस्तर बढ़ने लगा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्यानाचट्टी झील की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां 24 घंटे निगरानी रखी जाए और राहत-बचाव दल हमेशा तैनात रहें। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को निर्देश दिए कि झील से पानी निकालने और जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। साथ ही, स्यानाचट्टी के लोगों की हर जरूरत जैसे बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हर्षिल और स्यानाचट्टी में नदी में भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है, जिसे हटाना जरूरी है। उन्होंने सुरक्षित जगहों पर मलबा डंप करने के लिए साइट बनाने और इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

नदियों के जलस्तर पर दिन-रात निगरानी

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में नदियों के जलस्तर पर खासकर रात के समय भी कड़ी नजर रखी जाए। अगर कहीं खतरा महसूस होता है, तो तुरंत लोगों को सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए।

मौसम विभाग का अलर्ट

01 सितंबर 2025 को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

राज्य के अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

02 सितंबर 2025 को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।