बड़ी खबर – जन समस्याओं पर मंत्री रेखा आर्या का एक्शन: सोमेश्वर के कंडोलिया मनान को दी 13.50 लाख की सौगात

अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम कंडोलिया मनान में आयोजित ‘जन मिलन कार्यक्रम’ में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जनता के बीच पहुँचकर उनकी सुध ली। देवी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने न केवल ग्रामीणों की पीड़ा सुनी, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए लाखों की धनराशि की घोषणा भी की।

मौके पर हुआ समस्याओं का निस्तारण

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसमें मुख्य रूप से खराब सड़कों की मरम्मत, राशन कार्डों में नाम जुड़वाने की जटिल प्रक्रिया और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों को सरकारी मदद दिलाने की मांग शामिल रही। कैबिनेट मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया और शेष लंबित फाइलों को जल्द से जल्द क्लीयर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से खुलेगा खजाना

क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए मंत्री रेखा आर्या ने 13.50 लाख रुपये की विधायक निधि देने की घोषणा की। इस धनराशि का उपयोग गांव की सड़कों और अन्य विकास कार्यों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जनता की भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य करना सरकार की प्राथमिकता है और क्षेत्र का समग्र विकास ही हमारा लक्ष्य है।”

जन मिलन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ग्राम प्रधान मनोज कुमार और क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय राम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख गोपाल खोलिया, महेश पांडे, प्रकाश पांडे, दीपक कुमार, अशोक कुमार, पंकज बरेली, दीवान, भूपाल मेहरा, कुंदन गिरी, श्याम सिंह रौतेला सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

अमर उजियारा न्यूज़ डेस्क