खाकी पर खनन का दाग: वायरल ऑडियो ने मचाया हड़कंप, SSP ने इकबालपुर चौकी के पूरे स्टाफ को किया सस्पेंड
हरिद्वार। धर्मनगरी में अवैध खनन के खेल ने पुलिस महकमे की साख पर बट्टा लगा दिया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने ‘जीरो टॉलरेंस‘ की नीति अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर चौकी के प्रभारी सहित वहां तैनात समस्त पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
लेनदेन की बात आई सामने
दरअसल, पिछले कुछ घंटों से इंटरनेट पर एक ऑडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था। इस ऑडियो में अवैध खनन को लेकर पैसों के लेनदेन और चौकी प्रभारी से ‘सेटिंग’ की चर्चा की जा रही थी। जैसे ही यह मामला कप्तान के संज्ञान में आया, उन्होंने विभाग की छवि धूमिल करने वाले कर्मियों पर कड़ा हंटर चला दिया।
जांच के घेरे में ‘रक्षक’
एसएसपी भुल्लर ने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर भविष्य में बर्खास्तगी जैसी कठोर कार्रवाई भी संभव है।
महकमे में हड़कंप
एक साथ पूरी चौकी के स्टाफ पर हुई इस गाज के बाद जिले के अन्य थानों और चौकियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस कप्तान के इस कड़े रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि खाकी की आड़ में अवैध धंधों को संरक्षण देने वालों की अब खैर नहीं।

