ऋषिकेश में फिलहाल गंगा में राफ्टिंग पर रोक, जलस्तर ऊँचा होने से निर्णय टला
ऋषिकेश। साहसिक पर्यटन का रोमांच बढ़ाने वाली गंगा नदी में राफ्टिंग गतिविधियाँ अभी शुरू नहीं हो सकेंगी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल गंगा का जलस्तर सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिस कारण तकनीकी टीम द्वारा आवश्यक निरीक्षण (रैकी) भी संभव नहीं हो पा रहा है।
आमतौर पर हर साल 1 सितंबर से 30 जून तक राफ्टिंग सीजन रहता है। मानसून के चलते जुलाई और अगस्त में गतिविधियाँ स्थगित रहती हैं। हालांकि इस बार सितंबर के अंत तक भी जलस्तर ऊँचा है, जिसके चलते सीजन की शुरुआत टल गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में जलस्तर सामान्य होता है तो पहले रैकी की जाएगी, उसके बाद ही राफ्टिंग संचालन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अनुमान है कि अक्टूबर से पर्यटकों को राफ्टिंग का लुत्फ उठाने का मौका मिल सकेगा।

