कोटद्वार: मालन नदी में बहा हाथी का बच्चा, वन विभाग ने बचाया
कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार इलाके में मालन नदी का तेज बहाव एक हाथी के बच्चे को बहाकर ले गया। बहते-बहते वह नदी के बीच बड़ी चट्टानों में फंस गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंज अधिकारी विपिन जोशी के नेतृत्व में चली इस रेस्क्यू कार्रवाई में वन दरोगा गंभीर तोमर और कई वन रक्षक शामिल रहे। काफी मशक्कत के बाद हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाव के बाद पाया गया कि उसे हल्की चोटें आई हैं। पशु चिकित्सक डॉ. एस. रंजन ने मौके पर ही उसका उपचार किया और फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
अब वन विभाग की कोशिश है कि हाथी के इस बच्चे को उसके झुंड से फिर से मिलाया जा सके।

