नैनीताल पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
नैनीताल। रामनगर पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से नकदी, चाँदी के जेवर और घरेलू सामान सहित चोरी का पूरा माल बरामद किया गया है।
ऐसे खुला मामला
21 जुलाई को गौरव नैनवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद और चाँदी के जेवर चोरी कर लिए गए। इसी तरह 26 जुलाई को कमला देवी ने अपने घर से 20 हजार रुपये नकद, चाँदी की पायल, टेबल फैन और अन्य सामान चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में रामनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस ने पकड़ा शातिर गिरोह
पुलिस ने जांच के बाद नन्हे उर्फ सलीम (46 वर्ष), निवासी फौजी कॉलोनी, और जावेद (44 वर्ष), निवासी चिल्किया रामनगर, को कुमाऊं प्लाईवुड फैक्ट्री के पास स्थित निर्माणाधीन मकान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।
बरामद सामान
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चाँदी का मंगलसूत्र, पायल, अंगूठियां, नकद रुपये, धातु के बर्तन, टेबल फैन, पासबुक, पहचान पत्र और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया।
शामिल टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मौ. यूनुस, उपनिरीक्षक सुनील धानिक, उपनिरीक्षक जोगा सिंह, हेड कांस्टेबल कुंवर पाल, कांस्टेबल संजय दोसाद और विनीत चौहान की अहम भूमिका रही।
👉 पुलिस का कहना है कि इस सफलता से इलाके में हाल में हुई चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

