पंजाब : किसानों ने किया टोल प्लाजा फ्री, सड़क की हालत पर जताया रोष
लुधियाना, मुल्लांपुर दाखा। भारती किसान यूनियन (एकता डकोदा) ने शुक्रवार को गुड़े टोल प्लाजा पर 2 घंटे का धरना देकर टोल वसूली बंद कर दी। किसानों का कहना है कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण मुल्लांपुर सर्विस रोड पर पानी और कीचड़ भर गया था। इससे राहगीरों को 2-2 फीट पानी में से गुजरना पड़ा और वाहन फंसने लगे। स्कूली बच्चे तक गिरते-पड़ते सड़क पार करने को मजबूर थे।
किसानों ने बताया कि लुधियाना-मुल्लांपुर ब्लॉक कमेटियों ने जांच करने पर पाया कि खराब सड़क और पानी निकासी की समस्या पर प्रशासन व कंपनी दोनों ध्यान नहीं दे रहे हैं।
राज्य उपाध्यक्ष अमनदीप सिंह की अगुवाई में सुबह 10 से 12 बजे तक किसानों ने टोल फ्री किया। इस मौके पर राज्य प्रधान मनजीत सिंह धनेर और जिला प्रधान जगतार सिंह देहड़का ने कहा कि लुधियाना से तलवंडी भाई तक 84 किलोमीटर लंबे टोल मार्ग से करोड़ों रुपये वसूले जा रहे हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
टोल प्लाजा मैनेजर ने मौके पर पहुंचे पुलिस और नगर परिषद प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भरोसा दिया कि जल्द ही सफाई, मुरम्मत और टोल अधिकारियों के साथ मीटिंग करके समाधान निकाला जाएगा।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो टोल लंबे समय तक फ्री कर दिया जाएगा और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

