बरेली: बैंक की सील तोड़कर ‘हेलो कैफे’ पर दोबारा कब्जा, करोड़ों के डिफाल्टर संचालकों पर FIR दर्ज

बरेली। शहर के मशहूर ‘हेलो कैफे एंड बार’ के संचालकों की दबंगई का एक बड़ा मामला सामने आया है। करोड़ों रुपये का कर्ज डकारने के बाद जब बैंक ने संपत्ति सील की, तो आरोपियों ने न केवल बैंक का ताला तोड़ दिया, बल्कि सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट कर दोबारा कैफे पर कब्जा कर लिया। इस सनसनीखेज मामले में अब बैंक की शिकायत पर पुलिस ने बार संचालकों सहित 15-16 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा बरेली के बारादरी थाने में में दर्ज किया गया है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 324(4), 329(3) और 329(4) के अंतर्गत दर्ज हुआ है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

राजेंद्रनगर स्थित हेलो कैफे एंड बार के मालिकों ने ‘आशीष रायल टॉवर’ की प्रॉपर्टी खरीदने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) और आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक से करीब 3.24 करोड़ रुपये का लोन लिया था। लंबे समय तक किस्तें न चुकाने के कारण उन्हें डिफाल्टर घोषित कर दिया गया। बैंक ने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए 9 मार्च को प्रशासन की मदद से इस संपत्ति को सील कर दिया था।

रात के अंधेरे में गुंडागर्दी

आरोप है कि 31 मार्च और 1 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 2 बजे संचालकों ने अपने दर्जन भर से ज्यादा साथियों के साथ मिलकर बैंक द्वारा लगाई गई सील और ताले तोड़ दिए। वहां तैनात निगरानी टीम के तीन सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने अवैध रूप से कैफे का संचालन फिर से शुरू कर दिया।

नीलामी की प्रक्रिया रुकी

बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस संपत्ति की नीलामी 4 अप्रैल को तय की थी, लेकिन इस अवैध कब्जे के कारण पूरी प्रक्रिया बाधित हो गई। बैंक प्रबंधन का कहना है कि वे दोबारा कब्जा लेने की तैयारी कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।