देहरादून: कप्तान की सख्ती से शराब तस्करों में हड़कंप, लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

देहरादून (सहसपुर)। उत्तराखंड को ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ बनाने के मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों के बाद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में वीरवार को सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है।

प्रतीतपुर धर्मावाला में दबोचा गया तस्कर

थाना सहसपुर पुलिस की टीम जब प्रतीतपुर धर्मावाला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (संख्या UK08 U0930) को रोका गया। तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए; कार के भीतर भारी मात्रा में हरियाणा और चंडीगढ़ ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी।

20 पेटी शराब के साथ पूरण सिंह गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से पूरण सिंह (40 वर्ष), पुत्र स्व. बुद्ध सिंह, निवासी बद्रीपुर को गिरफ्तार किया है। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:

  • कुल शराब: 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (करीब 864 पव्वे ‘BLUE STROKE EXGUISITE WHISKY’)।
  • ब्रांड: हरियाणा और चण्डीगढ़ मार्का (सिर्फ बिक्री हेतु)।
  • वाहन: शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को सीज कर दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई: अभियुक्त के खिलाफ थाना सहसपुर में 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ खपाने की तैयारी थी।

तस्करों की अब खैर नहीं

एसएसपी देहरादून ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।