डॉ. विजय धस्माना ने डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल से की शिष्टाचार भेंट : विज्ञान और वेदांत के समन्वय पर हुई अहम चर्चा।

देहरादून, 8 मार्च। हिमालयन हॉस्पिटल एवं हिमालयन विश्वविद्यालय, जॉली ग्रांट के मालिक एवं कुलाधिपति डॉ. विजय धस्माना ने सहायक निदेशक एवं उत्तराखंड ज्योतिष रत्न डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल से उनके धर्मपुर स्थित निजी आवास “व्हाइट हाउस” में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों शिक्षाविदों के बीच लगभग एक घंटे तक विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में ज्योतिष शास्त्र, आधुनिक विज्ञान, मंत्र चिकित्सा विज्ञान तथा इन विषयों को शिक्षा और संस्कृत शिक्षा में समावेश करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि निकट भविष्य में हिमालयन हॉस्पिटल एवं विश्वविद्यालय स्तर पर विज्ञान और वेदांत विषय पर एक भव्य कार्यशाला आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल को मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।

आमंत्रण स्वीकार करते हुए डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि प्राचीन भारत में विज्ञान और वेदांत के संतुलित समन्वय के कारण ही भारत विश्व गुरु के रूप में स्थापित था। उन्होंने कहा कि यदि इन दोनों धाराओं का समुचित तालमेल पुनः स्थापित किया जाए, तो भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है। इसके लिए बड़े शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षित विशेषज्ञों के बीच संवाद और विचार-विमर्श अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से डॉ. घिल्डियाल द्वारा शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, ज्योतिष और विज्ञान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों और विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों को भी उनके मार्गदर्शन से लाभान्वित कराना चाहते हैं।

इस अवसर पर डॉ. वैभवी धस्माना, श्रीमती आरती, समर्थ, अस्मिता सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।