केंद्र की बैठक से पहले सख्त तैयारी के निर्देश: उपलब्धियों और नवाचारों के साथ जाए उत्तराखंड – डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कल 28 फरवरी, शनिवार को अपने शासकीय आवास पर दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मार्च के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली प्रस्तावित बैठक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य का प्रस्तुतीकरण भारत सरकार के एजेंडे के अनुरूप, अद्यतन आंकड़ों और ठोस तथ्यों पर आधारित तथा परिणामोन्मुखी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की उपलब्धियों, नवाचारों और भविष्य की कार्ययोजना को प्रभावी पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण में शामिल किया जाए।

उच्च शिक्षा की समीक्षा करते हुए डॉ. रावत ने राजकीय महाविद्यालयों में तैनात फैकल्टी, छात्र संख्या, आधारभूत ढांचे, पुस्तकालय संसाधनों, इंटरनेट सुविधाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नई शिक्षा नीति-2020 के तहत पाठ्यक्रम सुधार, नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुरूप क्रेडिट प्रणाली, भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित पाठ्यक्रम, कौशल विकास कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटलीकरण और छात्रावास सुविधाओं को प्रस्तुतीकरण में प्रमुखता देने को कहा।

विद्यालयी शिक्षा के तहत मंत्री ने 8 मार्च तक सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा 1 अप्रैल तक पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय विद्यालयों में विद्युतीकरण, पेयजल और आईसीटी लैब निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। शिक्षकों के त्रिस्तरीय ढांचे से जुड़े प्रस्ताव को शीघ्र कैबिनेट में लाने के निर्देश भी दिए गए।

डॉ. रावत ने केंद्र सरकार की बैठक के लिए तैयार किए जाने वाले प्रस्तुतीकरण में बालिका शिक्षा, ग्रॉस एनरोलमेंट रेश्यो (GER), भारत दर्शन कार्यक्रम, जॉब फेयर, छात्रवृत्ति योजनाएं, निपुण भारत मिशन, निपुण विद्यालय, आदर्श विद्यालय और अन्य नवाचारों को विशेष रूप से शामिल करने को कहा।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक मुकुल कुमार सती, संयुक्त निदेशक आनंद सिंह उनियाल, उप निदेशक दीपक पांडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।