गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव को बड़ा कदम, प्रदेश में 14 वर्षीय बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क एचपीवी टीका
देहरादून, 26 फरवरी 2026। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा है कि गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम अब संभव है और इसे समय रहते टीकाकरण के माध्यम से प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा देशभर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसका औपचारिक शुभारम्भ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर से किया जाएगा।
14 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को लगाया जाएगा टीका
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेशभर में 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक यह टीका निजी अस्पतालों में लगभग चार हजार रुपये प्रति डोज की लागत से उपलब्ध था, लेकिन केंद्र सरकार की पहल से इसे पात्र बालिकाओं को पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
डाॅ. रावत ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त किया गया है। डॉक्टरों, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं सहित संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड-चेन प्रबंधन तथा रिपोर्टिंग प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है, ताकि टीकाकरण सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में 155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां 14 वर्षीय बालिकाओं को यह सुरक्षा टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अभियान को जनआंदोलन का रूप दें और प्रत्येक पात्र बालिका तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करें। साथ ही सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश की हर बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से लाभान्वित हो सके।

