रानीखेत में होम्योपैथिक सेवाओं पर बढ़ा भरोसा, सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रानीखेत। अल्मोड़ा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह माहरा राजकीय नागरिक चिकित्सालय परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और उपचार पद्धति की जानकारी ली। चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. आनंद ने बताया कि प्रतिदिन करीब 50–60 मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं, जो क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में चिकित्सालय में आवश्यक अधिकांश होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को निर्बाध उपचार मिल रहा है। डॉ. आनंद के अनुसार होम्योपैथिक दवाएं सामान्यतः दुष्प्रभाव रहित मानी जाती हैं और सरकारी अस्पताल में ये सभी दवाएं निशुल्क दी जा रही हैं, जिससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत मिल रही है।
संजय पाण्डे ने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी समाज की आधारशिला होती है। उनका मानना है कि जब सरकारी संस्थान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं तो लोगों का भरोसा स्वतः बढ़ता है।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनस्वास्थ्य संस्थानों की समय-समय पर समीक्षा और जनभागीदारी से सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है।

