8 सितंबर को आपदा नुकसान का जायजा लेगी केंद्रीय टीम, CM धामी ने जताया आभार

देहरादून। उत्तराखंड में इस बार बरसात के दौरान आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से काफी नुकसान हुआ है। इसी नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की छह सदस्यीय टीम 8 सितंबर को राज्य का दौरा करेगी।

यह टीम गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना के नेतृत्व में बनेगी। इसके साथ ही महेश कुमार, सुधीर कुमार, विकास सचान, पंकज सिंह, डॉ. वीरेंद्र सिंह और आर. कृष्णा कुमारी भी शामिल होंगे।

टीम राज्य के प्रभावित इलाकों में जाकर हालात का सीधा निरीक्षण करेगी, ताकि नुकसान का सही अनुमान लगाकर आगे की मदद तय की जा सके। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी मदद और मार्गदर्शन से राहत और पुनर्निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र को आपदा से हुए नुकसान का विवरण भेजा था, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई है। जल्द ही केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज मिलने की उम्मीद है।


विज्ञापन –