भालू के आतंक से ग्रामीणों को जल्द मिलेगी राहत : डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून, 4 सितंबर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के थलीसैण ब्लॉक के कई गांवों में भालू के आतंक से लोग दहशत में हैं। भालू अब तक कई मवेशियों को मार चुका है और स्कूली बच्चों व ग्रामीणों की जान को भी खतरा बना हुआ है। हालात को देखते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वन विभाग को भालू को आदमखोर घोषित करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर हुई बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में कुण्डिल, कुचोली, सौंठ, कठयूड़, कुठ और खण्डतल्ला गांवों में भालू के लगातार हमलों पर चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि भालू अब तक 24 से अधिक मवेशियों को मार चुका है। इसे देखते हुए वन विभाग को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए। प्रमुख वन संरक्षक (वन्य जीव) ने अंतिम विकल्प के रूप में भालू को मारने तक की अनुमति जारी कर दी है।
निर्णय के मुख्य बिंदु:
- सबसे पहले प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाकर भालू को सुरक्षित पकड़ने की कोशिश होगी।
- यदि यह प्रयास नाकाम रहे तो ट्रैंक्यूलाईज कर पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
- सभी प्रयास असफल होने पर ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भालू को मारने का कदम उठाया जाएगा।
इस बैठक में अपर सचिव वन सी. रवि शंकर, प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्रा, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें…..
व्यापार और उपभोक्ता दोनों को मिलेगा लाभ, धामी ने सराहा जीएसटी सुधार
महिला सशक्तिकरण की मिसाल : तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार वितरित
चमोली में बादल फटने से तबाही, सगवाड़ा क्षेत्र में मकान मलबे में तब्दील

