महिला सशक्तिकरण की मिसाल : तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार वितरित

देहरादून, 4 सितंबर। आईआरडीटी सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम में प्रदेश की 13 उत्कृष्ट महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वहीं 33 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखंड सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें नई दिशा दी है। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू करके महिलाओं को समान अधिकार दिलाना ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति में महिलाओं का योगदान सबसे अहम रहेगा।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली 1661 के दौर में महिला शक्ति और वीरता की अद्भुत मिसाल थीं। उनकी वीरगाथा आज भी समाज को प्रेरित करती है। मंत्री ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि बढ़ाकर अब 51 हजार रुपये कर दी गई है। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय भी बढ़ाया गया है।

रेखा आर्या ने यह भी कहा कि महिला सारथी योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। वहीं, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में यह सुनिश्चित किया गया है कि बालिका खिलाड़ियों को भी बराबर अवसर और सहायता राशि मिले।

कार्यक्रम में राजपुर विधायक खजान दास, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार और निदेशक बंसीलाल राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।