पीएम-श्री स्कूलों की निगरानी के लिए बनेगी ब्लॉक स्तरीय समिति : शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून, 2 सितम्बर। उत्तराखंड में पीएम-श्री विद्यालयों की स्थापना और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अब ब्लॉक स्तर पर तीन सदस्यीय समिति बनाई जाएगी। यह समिति निर्माण से लेकर खरीद-फरोख्त तक सभी गतिविधियों पर निगरानी रखेगी।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 सितम्बर तक सभी छात्रों के खातों में बैग, ड्रेस, जूते और साइकिल आदि के लिए स्वीकृत धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेज दी जाए।

आपदा प्रभावित स्कूलों के लिए 20 करोड़ जारी

डॉ. रावत ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए राज्य सरकार ने आपदा मोचन निधि से 20 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह राशि जिलों को आवंटित कर दी गई है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला शिक्षा समिति की अध्यक्षता में प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर निर्माण कार्यों को पूरा कराया जाए।

शिक्षा मंत्री के अहम निर्देश

  • ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति सभी निर्माण और खरीद कार्य की निगरानी करेगी।
  • 15 सितम्बर तक छात्रों को बैग, ड्रेस, जूते, साइकिल की धनराशि डीबीटी के जरिए भेजी जाए।
  • सभी आवासीय विद्यालयों (राजीव गांधी नवोदय, अभिनव विद्यालय, कस्तूरबा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास आदि) में भोजन, स्वच्छता और आवासीय व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण हो।
  • हर विद्यालय में पुस्तकालय मद की धनराशि का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए और ब्लॉक अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करें।
  • वर्चुअल कक्षाओं और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग हो।
  • सभी विद्यालयों का पूरा डाटा विद्या समीक्षा केन्द्र को उपलब्ध कराया जाए ताकि सभी सूचनाएं एक क्लिक में मिल सकें।

बैठक में निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


सीएम धामी का लक्सर दौरा: ट्रैक्टर से पहुंचे आपदा प्रभावित गांव, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

उत्तराखंड में बारिश का कहर: नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर बड़ा हादसा टला

जानें श्राद्ध पक्ष 2025 की तिथियां, महत्व और विधि-विधान