पिथौरागढ़ टनल हादसा: 11 कर्मचारी अब भी फंसे, 8 को सुरक्षित निकाला गया
पिथौरागढ़, 31 अगस्त। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया है। धारचूला के ऐलागाड़ क्षेत्र में धौलीगंगा नदी पर एनएचपीसी की जलविद्युत परियोजना की टनल का मुहाना पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। इस घटना में टनल के अंदर 19 कर्मचारी फंस गए थे। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक 8 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 11 लोग अभी भी भीतर फंसे हुए हैं।
जिलाधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी ने बताया कि जिला प्रशासन और बीआरओ की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। सुरंग के मुहाने से मलबा हटाने का काम तेज़ी से चल रहा है और इमरजेंसी शाफ्ट एरिया को भी साफ किया जा रहा है। बचाव दल को उम्मीद है कि जल्द ही सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
सुरक्षित निकाले गए कर्मचारियों की सूची:
- चन्दर सोनल (ऑपरेशन कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ)
- शंकर सिंह (डी.जी. ऑपरेटर)
- पूरन बिष्ट (सब-स्टेशन स्टाफ)
- नवीन कुमार (Er. M)
- प्रेम डुग्ताल (मेंटेनेंस स्टाफ, कॉन्ट्रैक्ट)
- धन राज बहादुर (मेंटेनेंस स्टाफ, कॉन्ट्रैक्ट)
- गगन सिंह धामी (मेंटेनेंस स्टाफ, कॉन्ट्रैक्ट)
- पी.सी. वर्मा (सिविल)
सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश और आपदा की स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और नदियों के जलस्तर की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है और शासन-प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य कर रहा है।

