आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेज़ी से बहाल हो रही बिजली आपूर्ति – सीएम धामी के निर्देश पर यूपीसीएल की टीम सक्रिय
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के आपदाग्रस्त क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन की बहाली युद्धस्तर पर जारी है। रुद्रप्रयाग जिले के चेनीगाड, जखोली और तपोवन क्षेत्र के 258 गांवों में से 245 गांवों में बिजली आपूर्ति पुनर्बहाल कर दी गई है। शेष 13 गांवों में शनिवार रात तक विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
विगत शुक्रवार को रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में आई प्राकृतिक आपदा के कारण कई गांवों की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई थी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद यूपीसीएल की फील्ड टीमों ने निरंतर कार्य करते हुए बिजली बहाल करने में सफलता हासिल की।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिजली आपूर्ति बहाली का कार्य तेजी से चल रहा है। बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक में आपदा से 11 केवी लाइन बाधित हो गई थी, जिससे करीब 50 गांव और लगभग 3000 उपभोक्ता प्रभावित हुए। अथक प्रयासों से मात्र एक दिन में 45 गांवों में बिजली आपूर्ति पुनर्बहाल कर दी गई है, जबकि शेष पांच गांवों में कार्य जारी है।
कल शनिवार, 30 अगस्त को प्रबंध निदेशक ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा से हुए नुकसान, बिजली बहाली की प्रगति और भविष्य की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं ने प्रतिभाग किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा से हुए कुल नुकसान का विस्तृत ब्योरा तत्काल प्रस्तुत किया जाए, जिसमें खंभों, कंडक्टरों और अन्य उपकरणों को हुए नुकसान का विवरण शामिल हो। साथ ही सभी अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध सामग्री की सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
प्रबंध निदेशक ने यह भी कहा कि प्रभावित गांवों को सहायता पहुंचाने के लिए प्रत्येक एसडीओ/जेई एवं फील्ड स्टाफ को आपातकालीन लाइटें उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा सभी स्तरों पर संचार व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए वॉकी-टॉकी और अन्य संचार उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

