खिलाड़ियों पर इनामों की बरसात, 21.96 करोड़ की राशि वितरित
देहरादून, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हाल में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद इनाम राशि सौंपी।


इस दौरान 38वें राष्ट्रीय खेल, अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, वेटरन मास्टर, सिविल सर्विसेज, अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को कुल 15.69 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई। साथ ही 320 खेल प्रशिक्षकों को भी इनामी राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को मई से जुलाई तक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेकर प्रदेश के खिलाड़ी बड़े लक्ष्यों को साधें। सरकार हर खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं की इनामी राशि दोगुनी करके अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी प्रदेश के मेडल विजेता खिलाड़ियों को नगद इनाम के साथ सरकारी नौकरी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
रेखा आर्या ने कहा, “अगर 2036 का ओलंपिक भारत में होता है तो उत्तराखंड का खेल ढांचा खिलाड़ियों की तैयारी में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेश के खिलाड़ियों को अभी से ओलंपिक की तैयारी शुरू करनी चाहिए।”
इस अवसर पर खिलाड़ियों को उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में स्थापित करने का संकल्प भी दिलाया गया।
समारोह की खास झलकियां
- मलखंब और योगासन का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों की कठिन मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
- पांडवाज बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग घोले, गीत-संगीत से माहौल जीवंत हुआ।
- अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मानसी नेगी को खेल विभाग और मोहम्मद अरशद को पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
कार्यक्रम में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक शक्ति सिंह, और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाई सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

