10 अगस्त को संस्कृत ग्रामों के उद्घाटन को लेकर सहायक निदेशक डॉक्टर घिल्डियाल ने की ऋषिकेश में बैठक

ऋषिकेश, 8 अगस्त। संस्कृत शिक्षा के सहायक निदेशक डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने 10 अगस्त 2025 को भोगपुर रानीपोखरी से राज्य के अन्य 12 जनपदों के भी संस्कृत ग्रामों के मुख्यमंत्री के द्वारा वर्चुअल उद्घाटन के संदर्भ में डोईवाला विकासखंड के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के साथ मैराथन बैठक की।

श्री नेपाली संस्कृत महाविद्यालय में हुई बैठक में सहायक निदेशक ने कहा कि 10 अगस्त रविवार को प्रातः 11:00 बजे राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून जनपद के आदर्श संस्कृत ग्राम भोगपुर रानी पोखरी से सभी 12 जनपदों के संस्कृत ग्रामों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे कार्यक्रम में राज्य के सभी नामी चीन हस्तियां उपस्थित रहेंगी उन्होंने कहा कि सचिव संस्कृत शिक्षा उत्तराखंड शासन के निर्देशों पर जिलाधिकारी देहरादून ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक करके सबको जिम्मेदारियां सौंप दी है इस कार्यक्रम को बहुत दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।

डॉ घिल्डियाल ने कहा कि राज्य सरकार संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार और उन्नयन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भोगपुर गांव को देहरादून जनपद का आदर्श संस्कृत ग्राम बनाया गया है ,जहां पर प्रशिक्षक की नियुक्ति कर दी गई है, और विधिवत्त ग्रामीणों को सरल संस्कृत संभाषण सिखाया जा रहा है। बताया कि गांव में संस्कृत का प्राथमिक विद्यालय भी खोला जाएगा जिससे संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

सहायक निदेशक डॉक्टर घिल्डियाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला स्तर पर विभिन्न समितियां गठित करके सभी को जिम्मेदारियां सौंप दी है, उन्होंने बताया कि ऋषिकेश से उस दिन 10 बसें छात्र-छात्राओं के आने-जाने के लिए लगाई जा रही हैं, और इसी प्रकार देहरादून शहर से भी लगाई जा रही है।

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए बतौर विशिष्ट अतिथि महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी, बाबा रामदेव, परमार्थ के परमाध्यक्ष चिदानंद मुनि , महंत रवींद्र पुरी सहित डोईवाला ऋषिकेश के क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं दायित्वधारियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में डोईवाला विकास खंड के सभी प्रधानाचार्य और वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।